:
Breaking News

वैशाली में रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी धराया, निगरानी की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

वैशाली।बिहार में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की सख्त चेतावनियों के बावजूद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला वैशाली जिले से सामने आया है, जहां निगरानी विभाग की टीम ने एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार कर्मी की पहचान राजेश रौशन के रूप में हुई है, जो वैशाली अंचल क्षेत्र की अमृतपुर, महमदपुर और भागवतपुर पंचायतों में राजस्व कर्मचारी के पद पर तैनात था। उस पर जमीन के दाखिल-खारिज और परिमार्जन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महमदपुर गांव निवासी विनय कुमार सिंह ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्व कर्मचारी द्वारा लगातार काम के नाम पर टालमटोल किया जा रहा है और पांच हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की जांच के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया।
मंगलवार को आरोपी कर्मचारी रघवापुर मंदिर के पास सड़क पर शिकायतकर्ता से जैसे ही पांच हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, पहले से तैनात निगरानी टीम ने मौके पर छापेमारी कर उसे रंगेहाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
निगरानी विभाग के डीएसपी अखिलेश कुमार ने बताया कि शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
वहीं शिकायतकर्ता विनय कुमार सिंह ने बताया कि जमीन के दाखिल-खारिज के लिए कई बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ा, लेकिन हर बार पैसे की मांग की जाती रही। परेशान होकर उन्होंने 24 दिसंबर को निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।
इस छापेमारी में निगरानी विभाग के दो डीएसपी, कई सब-इंस्पेक्टर और पुलिस बल शामिल थे। पूछताछ के बाद आरोपी को पटना ले जाया गया है, जहां उसे निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े हो गए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *