:
Breaking News

अमेरिकी राजनीति में उथल-पुथल, मध्यावधि चुनाव ने बढ़ाई ट्रंप की बेचैनी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमेरिका की सियासी फिज़ा इन दिनों बेहद गर्म है। एक ओर जहां वेनेजुएला को लेकर अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय रणनीति पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, वहीं दूसरी ओर देश के भीतर अगले साल होने वाले 2026 के मध्यावधि चुनाव ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इसी उबाल के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चिंता खुलकर सामने आ गई है।
मंगलवार को हाउस रिपब्लिकन कॉकेस के रिट्रीट कार्यक्रम में ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि अगर रिपब्लिकन पार्टी आगामी मध्यावधि चुनावों में हाउस पर नियंत्रण खो देती है, तो डेमोक्रेट्स उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। ट्रंप का कहना था कि यह चुनाव केवल पार्टी के लिए नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक भविष्य के लिए भी निर्णायक है।
“मध्यावधि जीतना हमारी मजबूरी” – ट्रंप
अपने संबोधन में ट्रंप ने रिपब्लिकन नेताओं को आगाह करते हुए कहा कि नवंबर में होने वाले चुनाव में जीत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर रिपब्लिकन हाउस में बहुमत बरकरार नहीं रख पाए, तो विपक्ष उनके खिलाफ महाभियोग का कोई न कोई आधार जरूर खोज लेगा।
ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिकी राजनीति का इतिहास गवाह है कि सत्ता में बैठी पार्टी को मध्यावधि चुनावों में नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने जनता के गुस्से, आर्थिक हालात और सरकार के प्रति धारणा को लेकर भी चिंता जताई। ट्रंप बोले— सरकार ने अच्छा काम किया है, लेकिन फिर भी लोग कहते हैं कि राष्ट्रपति की पार्टी को मिडटर्म में हार झेलनी पड़ती है, यह बात उन्हें समझ में नहीं आती।
हाउस पर नजर, डेमोक्रेट्स में जोश
दूसरी ओर, डेमोक्रेटिक पार्टी इस चुनाव को सत्ता में वापसी के मौके के तौर पर देख रही है। पार्टी के भीतर हाउस पर दोबारा नियंत्रण पाने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। हालांकि बड़े स्तर पर जीत की तस्वीर अभी साफ नहीं है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक माहौल डेमोक्रेट्स के लिए अनुकूल माना जा रहा है।
इससे पहले हाउस स्पीकर माइक जॉनसन भी चेतावनी दे चुके हैं कि अगर रिपब्लिकन बहुमत गंवाते हैं, तो डेमोक्रेट्स ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई को हवा दे सकते हैं, जिससे देश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ सकती है।
पहले भी झेल चुके हैं महाभियोग
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप अपने पहले कार्यकाल के दौरान दो बार महाभियोग का सामना कर चुके हैं। पहला मामला 2019 में सामने आया, जब हाउस पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण था। दूसरा महाभियोग 2021 में उनके कार्यकाल के अंतिम चरण में हुआ।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप की मौजूदा बेचैनी की एक बड़ी वजह हाल ही में वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई के बाद कुछ डेमोक्रेट नेताओं द्वारा महाभियोग की संभावना पर दिए गए बयान भी हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *