:
Breaking News

फिल्मी अंदाज़ में भागा तस्कर, खेत में पलटी लग्जरी कार; 40 लाख का गांजा जब्त

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर: जिले में मादक पदार्थ तस्करों और पुलिस के बीच गुरुवार को किसी फिल्मी सीन जैसा नज़ारा देखने को मिला। गांजा से लदी एक लग्जरी कार पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में भागने लगी। पीछा इतना तेज था कि आखिरकार कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क से फिसलकर एक खेत में पलट गई। मौका पाकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया, लेकिन पीछे रह गई गांजे की बड़ी खेप।
औराई थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा से होकर सीतामढ़ी के रास्ते एक लग्जरी वाहन में भारी मात्रा में मादक पदार्थ मुजफ्फरपुर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजा सिंह ने शंकरपुर इलाके में घेराबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की। पुलिस का इशारा मिलते ही चालक ने गाड़ी दौड़ा दी, जिसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया।
भागने के दौरान तेज रफ्तार कार खेत में जा पलटी। तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब जब्त गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से करीब 88 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि जब्त वाहन के कागजात के आधार पर मालिक और तस्कर की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि गांजे की यह खेप नेपाल सीमा से तस्करी कर जिले में लाई जा रही थी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *