:
Breaking News

दरभंगा प्रमंडल में राजस्व वसूली को लेकर सख्त संदेश, आयुक्त ने कसे विभागों पर शिकंजा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 08 जनवरी 2026।
दरभंगा प्रमंडल में राजस्व संग्रहण को गति देने के लिए आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रमंडलीय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन, मद्यनिषेध एवं उत्पाद, खनन, वाणिज्य कर, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा निबंधन विभाग के राजस्व संग्रहण कार्यों की विभागवार गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने नीलाम पत्र से जुड़े लंबित मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए तीनों जिलों के जिला नीलाम पत्र पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने नीलाम पत्र न्यायालय के संचालन को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति हेतु प्रस्ताव भेजने को भी कहा गया।
खनन विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने दो टूक कहा कि बिना अनुमति मिट्टी का उठाव किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जितनी मात्रा की अनुमति दी गई है, उतनी ही मात्रा में मिट्टी का उठाव हो और इसकी सख्त निगरानी जिला खनन पदाधिकारी द्वारा की जाए। साथ ही ईंट-भट्ठों से संबंधित रॉयल्टी की वसूली एवं प्रदूषण जांच नियमित रूप से कराने पर भी जोर दिया गया।
वाणिज्य कर विभाग को हर माह जिला स्तर पर विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि कर चोरी पर अंकुश लगाते हुए राजस्व संग्रहण में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा के दौरान अपर समाहर्ता, राजस्व को जमाबंदी एवं परिमार्जन से जुड़े लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश मिला।
आयुक्त श्री राय ने सभी विभागों को आपसी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति हर हाल में सुनिश्चित करने का स्पष्ट संदेश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) श्री सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार श्री मनोज कुमार सहित दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *