:
Breaking News

मुजफ्फरपुर में सर्दी का कहर: शीतलहर, कोहरा और बर्फीली हवा ने बढ़ाई मुश्किलें, तापमान 8 डिग्री के करीब

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर जिले में ठंड ने एक साथ कई मोर्चों पर हमला कर दिया है। तेज पछुआ हवाओं, घने कोहरे और गिरते तापमान के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जैसे-जैसे पारा नीचे जा रहा है, वैसे-वैसे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जिले में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के बाद ठंड का असर हर तबके पर साफ नजर आने लगा है।
हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने जिले के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने पर जोर दिया गया है। ठंडी हवाओं के चलते लोग सुबह की सैर से भी दूरी बना रहे हैं।
सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने के बाद दिनभर बर्फीली पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे पूरे जिले में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ठंड का असर समान रूप से महसूस किया जा रहा है। इस मौसम का सबसे ज्यादा असर रोज कमाने-खाने वालों और फुटपाथ पर कारोबार करने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया है, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप सबसे अधिक रहता है। सुबह लगभग 10 बजे तक और शाम चार बजे के बाद से देर रात तक लोग सर्द हवाओं से जूझते नजर आ रहे हैं।
ठंड से राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख इलाकों में अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शीतलहर, कोहरा और बर्फीली हवा के कारण लोगों को एक साथ तीनहरी मार झेलनी पड़ रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक ठंड का यह सिलसिला जारी रह सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *