:
Breaking News

वर्दी में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, दोषी पुलिसकर्मी 15 दिन में बर्खास्त होंगे : डीजीपी विनय कुमार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार पुलिस मुख्यालय से सख्त संदेश जारी हुआ है। राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि कोई पुलिसकर्मी वर्दी में कानून तोड़ते या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई होगी। दोष साबित होने की स्थिति में ऐसे कर्मी को 15 दिनों के भीतर सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा।
शुक्रवार, 09 जनवरी को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीजीपी ने कहा कि पुलिस की वर्दी में रहकर गुंडागर्दी करने वालों के लिए विभाग में कोई जगह नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में केवल नौकरी से हटाना ही नहीं, बल्कि आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी।
डीजीपी विनय कुमार ने हाल के दिनों में वैशाली, छपरा, गया और मोतिहारी जिलों से सामने आई उन घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई, जिनमें पुलिसकर्मियों की संलिप्तता उजागर हुई है। उन्होंने संबंधित जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों को तत्काल विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जमीन विवादों के मामलों में पुलिस की भूमिका बेहद अहम है। ऐसे मामलों में भू-माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ा और निर्णायक एक्शन लिया जाना चाहिए। डीजीपी ने सभी जिलों को भू-माफिया नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी ने अपराध के आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया कि 2024 की तुलना में 2025 में गंभीर अपराधों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सख्त निगरानी, जवाबदेह पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई के कारण यह संभव हो सका है।
डीजीपी ने दो टूक कहा कि जनता का भरोसा पुलिस पर बना रहे, इसके लिए अनुशासन और ईमानदारी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *