:
Breaking News

पछुआ हवा ने बढ़ाई ठंड की मार, बिहार में शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन बेहाल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार में पछुआ हवाओं के असर से ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जनवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने रुख बदल लिया है और राज्य के अधिकांश हिस्से कड़ाके की ठंड, शीतलहर, कोल्ड-डे और घने कोहरे की चपेट में हैं। सुबह और देर रात को हालात ऐसे बन रहे हैं कि सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो जा रही है, जिससे आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि 10 जनवरी को भी ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
बीते 24 घंटे: ठंड का असर बरकरार
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में ठंड का असर कायम रहा। कई जिलों में सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
बक्सर, मुंगेर, छपरा, पटना, फारबिसगंज, सहरसा, दरभंगा और अरवल में कोल्ड-डे की स्थिति दर्ज की गई, जबकि छपरा में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिला।
तापमान के आंकड़ों की बात करें तो शेखपुरा में अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान सबौर (भागलपुर) में 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कई इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 40 मीटर तक सिमट गई।
आज का मौसम: ठंड और कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आज भी राज्य के कई हिस्सों में हालात जस के तस बने रह सकते हैं। उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार में शीत दिवस को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
वहीं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जहां दृश्यता काफी कम रह सकती है।
राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है।
आगे क्या कहता है मौसम विभाग
IMD के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 48 घंटों के भीतर तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, हालांकि उसके बाद फिर से ठंड बढ़ने के संकेत हैं। आने वाले दिनों में कोहरे का असर भी बना रह सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *