:
Breaking News

दरभंगा में राष्ट्रीय युवा दिवस पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 10 जनवरी 2026: जिले में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और कारावास में बंदियों के बीच नशीली दवाओं के दुरुपयोग और उसके दुष्प्रभावों के प्रति चेतना फैलाना था।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल कारा, दरभंगा में कारावासियों के बीच पैनल अधिवक्ता मनीष कुमार ने नशीली दवाओं और उनके कानूनी प्रभावों के बारे में जानकारी दी। वहीं, मुकुंदी चौधरी उच्च विद्यालय, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, बेनीपुर और ओंकार उच्च विद्यालय, बिरौल में पैनल अधिवक्ता अर्जुन राम, विनोद कुमार मिश्र और शोभाकांत सिंह ने छात्र-छात्राओं के बीच नालसा डान स्कीम की विशेष जानकारी साझा की।
वक्ताओं ने बताया कि यह योजना भारत को नशामुक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसके तहत नशीली दवाओं के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ कानूनी सहायता, जागरूकता कार्यक्रम और पुनर्वास का काम किया जाता है। नशे के पीड़ितों को कानूनी मदद, परिवारों को सहयोग और पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए सभी को नशे से दूर रहने की सलाह दी। इसके अलावा बंदियों को पीली बार्गेनिंग, निःशुल्क विधिक सेवाओं के लिए नालसा जागृति स्कीम, बाल विवाह रोकने के लिए नालसा आशा स्कीम, और भूतपूर्व सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए नालसा वीर परिवार योजना के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के संचालन में मंडल कारा उपाधीक्षक नारायण हिमांशु, नंदू कुमार चौधरी, विधिक सेवा क्लब के शिक्षक डा. गुलाम रब्बानी खान, पुरुषोत्तम कुमार, पीएलवी सुरेंद्र कुमार, मधुलता देवी, सीमा कुमारी और विजय कुमार महतो सहित अन्य अधिकारियों ने सहयोग प्रदान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारीयों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं और समाज के अन्य वर्गों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *