:
Breaking News

बिहार में सड़कों के गड्ढों पर सरकार का नया फॉर्मूला, शिकायत करने पर मिलेंगे 5 हजार रुपये

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार सरकार अब सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर सख्त रुख अपनाने जा रही है। पथ निर्माण विभाग राज्य में एक अनोखी और प्रोत्साहन आधारित योजना शुरू करने की तैयारी में है, जिसके तहत सड़क पर गड्ढे की सही सूचना देने वाले नागरिक को 5000 रुपये का इनाम मिलेगा। इस पहल का ऐलान खुद पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया है।
मंत्री ने बताया कि सड़क रखरखाव से जुड़ी नई नीति को इसी महीने अंतिम रूप दिया जाएगा और 15 फरवरी के बाद इसे लागू करने की योजना है। इस नीति का उद्देश्य सिर्फ गड्ढे भरना नहीं, बल्कि आम लोगों को सड़क निगरानी प्रणाली का हिस्सा बनाना भी है, ताकि समय रहते समस्याओं की पहचान हो सके।
नई व्यवस्था के तहत राज्यभर में विशेष ‘रोड एंबुलेंस’ तैनात की जाएंगी। इनके लिए एक अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा, जिसे प्रमुख सड़कों और चौराहों पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। जैसे ही किसी गड्ढे की शिकायत दर्ज होगी, संबंधित एजेंसी को 72 घंटे के भीतर मरम्मत करना अनिवार्य होगा। तय समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर ठेकेदारों और जिम्मेदार इंजीनियरों पर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री जायसवाल का कहना है कि बरसात के बाद सड़कों की हालत बिगड़ने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में कहीं भी सड़क पर खतरनाक गड्ढे न रहें। इसके लिए अन्य राज्यों, खासकर महाराष्ट्र के पुणे जैसे शहरों की सड़क प्रबंधन व्यवस्था का अध्ययन कर यह नीति तैयार की गई है।
योजना की जानकारी सामने आते ही आम लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस पहल से न सिर्फ सड़कों की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि विभागीय लापरवाही पर भी लगाम लगेगी और ठेकेदारों की जवाबदेही तय होगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *