:
Breaking News

गंगा स्नान पर निकला परिवार हादसे का शिकार: वाहन पलटने से महिला की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नवादा/नालंदा।धार्मिक आस्था से भरी एक यात्रा शुक्रवार को उस वक्त मातम में बदल गई, जब नवादा जिले के रवीओ गांव का एक परिवार गंगा स्नान के लिए जा रहा था और रास्ते में उनकी गाड़ी भीषण हादसे का शिकार हो गई। चंडी–दस्तूरपर फोरलेन के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 55 वर्षीय शीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग दो दर्जन लोग घायल हो गए।

तेरहवीं के बाद गंगा स्नान को निकला था परिवार

परिजनों के अनुसार पूरा परिवार हाल ही में दिवंगत हुए देवेंद्र प्रसाद की तेरहवीं संपन्न होने के बाद फतुहा गंगा घाट पर स्नान और धार्मिक अनुष्ठान के लिए जा रहा था। यह परिवार पहले से ही शोक में डूबा था, क्योंकि देवेंद्र प्रसाद की मृत्यु भी कुछ दिन पूर्व कोलकाता में हुए एक सड़क हादसे में हुई थी। ऐसे में यह नई दुर्घटना परिवार पर दोहरा वज्रपात बनकर टूटी है।

अज्ञात वाहन के कारण बिगड़ा संतुलन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दस्तूरपर मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन के अचानक सामने आ जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।

कई घायलों की हालत नाजुक

इस दुर्घटना में योगेंद्र कुमार, रवि कुमार, रोहित कुमार, कुसुम देवी और सुमन देवी की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। इनके अलावा बिंदु देवी, बबलू कुमार, दामोदर कुमार, नीलम देवी, प्रियांशु, प्रीतम, सोनाली, मिंटा, रिकू, सोना, राखी, गोलू और कुंदन समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
सभी को पहले चंडी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतका शीला देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस जांच में जुटी

चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान हेतु आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में शोक का माहौल

इस हृदयविदारक घटना के बाद रवीओ गांव में मातम पसरा है। एक ही परिवार के इतने लोगों के घायल होने और महिला की मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है। लोग इसे नियति का क्रूर खेल बता रहे हैं, क्योंकि कुछ ही दिनों के भीतर परिवार को दूसरी बार सड़क हादसे की त्रासदी झेलनी पड़ी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *