:
Breaking News

भ्रष्टाचार में दोषी मसौढ़ी के राजस्व कर्मचारी की सेवा समाप्त, डीएम ने की कड़ी कार्रवाई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना – मसौढ़ी अंचल कार्यालय में कार्यरत तत्कालीन राजस्व कर्मचारी राजा कुमार को भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में दोषी पाए जाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत यह सख्त कार्रवाई की है। इस निर्णय को भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रशासन का कड़ा संदेश माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार राजा कुमार को 23 दिसंबर 2025 को मसौढ़ी प्रखंड कार्यालय परिसर से निगरानी विभाग की धावा दल टीम ने गिरफ्तार किया था। उन पर परिमार्जन से जुड़े आवेदनों के निष्पादन के बदले एक लाख रुपये रिश्वत माँगने का आरोप था। शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में वह रंगे हाथ पकड़े गए थे, जिसके बाद उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उन्होंने जानबूझकर कई आवेदनों को लंबित रखा और काम के बदले अवैध राशि की मांग की। स्पष्टीकरण मांगे जाने पर भी उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अपर समाहर्ता सह संचालन पदाधिकारी, पटना द्वारा की गई विस्तृत जांच में सभी आरोप पूरी तरह प्रमाणित पाए गए।
जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकार ने माना कि ऐसे कर्मचारी को सेवा में बनाए रखना जनहित के प्रतिकूल होगा। इसके बाद जिलाधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया।
इस कार्रवाई पर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि यह कदम भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कड़ा संदेश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी कर्मी आम जनता को परेशान करेगा और रिश्वतखोरी में संलिप्त पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार को बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से आम लोगों में यह भरोसा मजबूत हुआ है कि सरकार और जिला प्रशासन भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *