:
Breaking News

समृद्धि यात्रा में छपरा के कार्यक्रम स्थल पर हंगामा, भाजपा विधायक से बदसलूकी का आरोप

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

छपरा/सारण | 21 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को छपरा में उस समय अप्रत्याशित स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। यात्रा के पांचवें दिन मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में एनडीए समर्थक, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता कार्यक्रम स्थल पर जुट गए थे। इसी दौरान सुरक्षा घेरे में प्रवेश को लेकर धक्का-मुक्की और नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब छपरा की भाजपा विधायक छोटी कुमारी को लेकर विवाद सामने आया। आरोप है कि सुरक्षा में तैनात कर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया और मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कार्यक्रम को सुचारू किया गया।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा जिला महामंत्री विवेक कुमार सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में तैनात कुछ अधिकारियों ने महिला विधायक छोटी कुमारी और अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। विवेक कुमार सिंह का दावा है कि प्रवेश के दौरान विधायक को धक्का दिया गया और उनके प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जो न सिर्फ निंदनीय है बल्कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी है।
भाजपा जिला महामंत्री ने यह भी कहा कि समृद्धि यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और महिलाओं में भारी उत्साह था और सभी मुख्यमंत्री का स्वागत करने पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों का यह रवैया कार्यकर्ताओं के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाला रहा। उन्होंने बताया कि जिन अधिकारियों पर आरोप हैं, वे बाहर से आए हुए थे और स्थानीय कार्यकर्ताओं से उनका व्यवहार बेहद असंवेदनशील रहा।
विवेक कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि वह इस पूरे मामले की औपचारिक शिकायत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस प्रकरण का संज्ञान लेकर दोषी अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करेंगे। फिलहाल इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है और सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और सरकार महिला विधायक से जुड़े इन आरोपों पर क्या कदम उठाती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *