:
Breaking News

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क पर पल भर में उजड़ गई तीन जिंदगियां

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बक्सर।बक्सर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा–मोहनिया स्टेट हाइवे पर रोहिणी भान के पास तेज रफ्तार और लापरवाही ने ऐसा कहर बरपाया कि तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बस को ओवरटेक करने के प्रयास में दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक करीब 10 से 15 फीट तक हवा में उछल गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार से माहौल दहल उठा।
स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया। वहीं अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीसरे युवक को भी मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
इस हादसे ने सबसे ज्यादा असर उस परिवार पर डाला, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं। मृतकों में बनारपुर निवासी सूर्यदेव कुमार की पहचान हुई है, जो पढ़ाई के सिलसिले में पटना में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, फरवरी महीने में उनकी शादी तय थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक ही झटके में सब कुछ खत्म हो गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता का कहना है कि जिस बेटे की बारात की तैयारी हो रही थी, उसकी अर्थी उठेगी, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
राजपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर संयम, सतर्कता और जिम्मेदारी की जरूरत को रेखांकित करता है। चंद सेकेंड की लापरवाही न केवल खुद की, बल्कि कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए तबाह कर सकती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *