:
Breaking News

समृद्धि यात्रा में सीवान को 202 करोड़ की सौगात, मंच से महिलाओं से बोले नीतीश—“इतना काम किया, सुनकर जाइए”

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मैरवा मेडिकल कॉलेज परिसर से 71 योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन, लाभुकों को मिले अनुदान व स्वीकृति पत्र

सीवान। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को समृद्धि यात्रा के तहत सीवान पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के विकास को नई रफ्तार देने वाली योजनाओं की झड़ी लगा दी। मैरवा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर से मुख्यमंत्री ने करीब 202 करोड़ रुपये की लागत वाली 71 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 157 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास और 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री मंच से संबोधन कर रहे थे, उसी समय कुछ महिलाएं कार्यक्रम स्थल से निकलने लगीं। यह देख मुख्यमंत्री ने उन्हें रुकने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लेकर जाना ज्यादा बेहतर होगा और सरकार ने इस दिशा में व्यापक काम किया है। मुख्यमंत्री की यह अपील पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही।सीवान आगमन के बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा में नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद कॉलेज परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक और स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।कार्यक्रम में तेल प्रसंस्करण इकाई के लिए सूर्यांश एफपीओ को 9 लाख 90 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई। वहीं फार्म मशीनरी बैंक के लिए ग्राम कयलगढ़ बढ़ेरिया निवासी मुकेश कुमार को 8 लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक सौंपा गया। इसके अतिरिक्त झोपड़ी मशरूम इकाई के लिए राम को 89,750 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।इस मौके पर कृषि सखियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और बताया कि वे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लगातार जागरूक कर रही हैं। सरकार की ओर से उन्हें 5 हजार रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। वर्तमान में सीवान जिले के 11 प्रखंडों की कुल 23 कृषि सखियों को यह राशि मिल रही है, जिसके लिए सभी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।समृद्धि यात्रा के तहत सीवान को मिली यह सौगात स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास तक सीमित रहा, बल्कि जनता से सीधा संवाद और लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का मजबूत संदेश भी दे गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *