:
Breaking News

निष्ठा, सेवा और स्मृतियों से सजी विदाई: आचार्य विजयव्रत कंठ को भावभीनी सम्मान-समारोह में दी गई विदाई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बटहा स्थित सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल का प्रांगण उस समय भावनाओं से भर उठा, जब विद्यालय के निवर्तमान वरिष्ठ आचार्य विजयव्रत कंठ के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षों की निष्ठावान सेवा, समर्पण और स्नेहिल संबंधों को स्मरण करने का भावुक क्षण बन गया।
समारोह की शुरुआत सरस्वती पूजा विसर्जन के पावन अनुष्ठान के पश्चात हुई। अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यालय के अध्यक्ष बिनोद कुमार ने कहा कि “निष्ठापूर्वक और समर्पित भाव से किया गया कार्य ही मानव जीवन में सिद्धि और प्रसिद्धि का द्वार खोलता है।” उन्होंने आचार्य कंठ के व्यक्तित्व और कृतित्व को विद्यालय के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर आचार्य विजयव्रत कंठ को पाग, माला, अंगवस्त्र एवं अनेक उपहारों से सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए आचार्य कंठ भावुक हो उठे और उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने दीर्घ काल तक सेवा का अवसर मिलना उनके जीवन की अमूल्य उपलब्धि है।
धन्यवाद ज्ञापन में प्रधानाचार्य रामचंद्र मंडल ने आचार्य कंठ द्वारा निभाए गए परीक्षा नियंत्रक, मीडिया प्रभारी, संस्कृति बोध परियोजना के प्रांतीय सहसंयोजक, प्रांतीय एवं विद्यालय पत्रिका संपादक जैसे दायित्वों का उल्लेख करते हुए उन्हें बहुआयामी प्रतिभा का धनी बताया।
मंच संचालन कर रहे छात्रावास प्रमुख घनश्याम मिश्र ने आचार्य कंठ की रोचक, सहज और प्रेरक अध्यापन शैली को अनुकरणीय बताया, वहीं प्राथमिक खंड के शैक्षणिक प्रमुख रामकुमार सिंह ने उनके मिलनसार स्वभाव और स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की। समारोह को रवींद्र ठाकुर, विज्ञान संकायाध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ। समारोह में रेणु कुमारी, अंजू कुमारी, पूनम सिंह, पूनम कुमारी, मनीष ठाकुर, सुमित कुमार, अरविंद मेहता, रामबाबू दास, मनोज राय, राघवेंद्र कुमार, रामशंकर झा, सुष्मिता सिंह, रीना कुमारी, स्मिता कुमारी, प्रतिभा कुमारी, नैंसी गुप्ता, धीरज कुमार, विकास कुमार, आशुतोष कुमार, प्रसेनजीत घोष सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह विदाई समारोह न केवल एक अध्यापक के कार्यकाल की समाप्ति थी, बल्कि विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा, कृतज्ञता और सम्मान की जीवंत अभिव्यक्ति भी बन गई।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *