:
Breaking News

गणतंत्र दिवस की खुशियों में लापरवाही की चिंगारी, वारिसलीगंज में स्कूल की झांकी बनी हादसे की वजह

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नवादा (वारिसलीगंज):गणतंत्र दिवस के अवसर पर जहां देशभर में उल्लास और देशभक्ति का माहौल था, वहीं नवादा जिले के वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र में एक स्कूल की झांकी ने जश्न को मातम में बदल दिया। सब्जी बाजार चौक पर झांकी प्रदर्शन के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसमें पांच मासूम बच्चे झुलस गए। इस हादसे ने स्कूल प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झांकी के दौरान प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग किया जा रहा था। इसी दौरान हुई छोटी-सी चूक ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। आग लगते ही बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
एक बच्ची की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए रेफर
हादसे में झुलसे बच्चों में एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी स्थित विम्स अस्पताल रेफर किया गया है। दो अन्य बच्चों का इलाज वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि स्कूल प्रबंधन की ओर से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोई तत्काल व्यवस्था नहीं की गई। आरोप है कि आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने ही मानवता दिखाते हुए झुलसे बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस लापरवाही से बच्चों के परिजन भड़क उठे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग, जांच की उठी आवाज
घटना से आक्रोशित स्वजनों ने बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जिला पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग जोर पकड़ रही है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर आयोजनों में कितनी लापरवाही बरती जा रही है। राष्ट्रीय पर्व जैसे अवसर पर जहां अनुशासन और सावधानी सर्वोपरि होनी चाहिए, वहां जरा-सी असावधानी ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और जिम्मेदारों पर कब तक कार्रवाई होती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *