समस्तीपुर: माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार के दिनांक 29 जनवरी 2026 को सरायरंजन एवं जितवारपुर में प्रस्तावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक रूट डायवर्जन एवं यातायात नियंत्रण व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आम जनजीवन के सुचारु आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है, जो सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
जितवारपुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था
मगरदही घाट से बांध होकर हाउसिंग बोर्ड की ओर जाने वाली सड़क पर सुबह 8 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में बाजार वाली सड़क का उपयोग किया जा सकेगा।
विशुनपुर चौक से हाउसिंग बोर्ड की ओर जाने वाली सभी भारी वाहनों की आवाजाही भी सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगी, जिसके लिए दलसिंहसराय वाली सड़क को वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है।
चांदनी चौक से हाउसिंग बोर्ड की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा, वैकल्पिक रूप से मालगोदाम होते हुए बाजार जाने वाली सड़क का प्रयोग किया जा सकेगा।
विशुनपुर चौक से हकिमाबाद पुल जाने वाली सड़क कार्यक्रम के समय आम जनता एवं वाहनों के लिए पूर्णतः बंद रहेगी।
सिंधिया घाट से रोसड़ा होते हुए पटना, वैशाली एवं मुजफ्फरपुर जाने वाले सभी बड़े वाहन दलसिंहसराय की ओर से जाएंगे।
मुसरीघरारी चौक से दरभंगा जाने वाले सभी बड़े एवं व्यावसायिक वाहन ताजपुर की ओर से परिचालित होंगे।
कल्याणपुर चौक से दरभंगा से पूसा, मुजफ्फरपुर एवं बेगूसराय जाने वाले बड़े एवं व्यावसायिक वाहन भी ताजपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
पटेल गोलंबर से रोसड़ा की ओर जाने वाले वाहन रेलवे कॉलोनी होते हुए विशुनपुर मार्ग से रोसड़ा की ओर जाएंगे।
सरायरंजन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था
एस मोड़ से सरायरंजन बाजार जाने वाली सड़क पर भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
वरुणा पुल से सरायरंजन की ओर आने वाली सड़क पर सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बड़े वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जिन्हें वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
सरायरंजन सुभाष चौक से सरायरंजन बाजार आने-जाने के लिए छोटी गाड़ियां मेडिकल कॉलेज–पतैली चौक मार्ग से आ-जा सकेंगी।
सरायरंजन पतैली चौक से मेडिकल कॉलेज होते हुए छोटी गाड़ियां हलई एवं दलसिंहसराय की ओर जा सकेंगी।
पतैली चौक से कार्यक्रम स्थल सुभाष चौक तक आम जनता के सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन एवं यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस एवं प्रशासनिक बल तैनात रहेंगे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।