:
Breaking News

वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 को लेकर समस्तीपुर में सख्त प्रशासनिक तैयारी, धारा 163 बीएनएसएस लागू

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर:वार्षिक माध्यमिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी, समस्तीपुर द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 को प्रभावी ढंग से लागू कराने का निर्देश जारी किया गया है। इसके तहत परीक्षा अवधि के दौरान धारा 163 बी.एन.एस.एस. लागू रहेगी।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास पाँच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार से कदाचार कराने या कराने का प्रयास करने वाले दोषी व्यक्तियों पर 2000 रुपये तक का आर्थिक दंड अथवा छह माह तक का कारावास हो सकता है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी नियमों की जानकारी सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि परीक्षा प्रारम्भ होने की पूर्व संध्या एवं परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले धारा 163 बी.एन.एस.एस. के लागू रहने तथा सभी परीक्षा केन्द्रों के सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होने संबंधी सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से कराया जाए। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अफवाह, भीड़ अथवा अनुशासनहीनता पर प्रभावी रोक लगाना है।
इसके साथ ही सभी अनुमंडल मुख्यालयों में सुरक्षा बलों द्वारा फ्लैग मार्च कराने, होटल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सघन गश्ती सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। पुलिस पदाधिकारियों को हर समय सतर्क एवं सचेष्ट रहने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है ताकि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
इस संबंध में जारी ज्ञापांक 454/सी.जी., समस्तीपुर, दिनांक 27 जनवरी 2026 के तहत पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिलिपि भेजी गई है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को समान कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इन सख्त व्यवस्थाओं का उद्देश्य परीक्षार्थियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और परीक्षा की निष्पक्षता व विश्वसनीयता बनाए रखना है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *