:
Breaking News

धमकियों के बीच पटना सिविल कोर्ट की सुरक्षा में बड़ी चूक टली, हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, साथी फरार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना:बिहार की कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच राजधानी पटना स्थित सिविल कोर्ट परिसर में बुधवार को एक गंभीर सुरक्षा घटना सामने आई। कोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों ने हथियार के साथ अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल कोर्ट के प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मी नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध व्यवहार में परिसर में दाखिल होने लगे। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से पिस्टल बरामद होने के बाद तत्काल उसे हिरासत में ले लिया गया। इसी बीच दूसरा युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

वैशाली का रहने वाला निकला आरोपी

पकड़े गए युवक की पहचान पीयूष कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से बरामद हथियार को जब्त कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि युवक हथियार लेकर कोर्ट परिसर क्यों पहुंचा था और उसके इरादे क्या थे।
कोर्ट परिसर में दहशत, वकीलों में नाराज़गी

घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और आम लोगों के बीच दहशत का माहौल देखा गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और इस तरह की घटनाओं से कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से कोर्ट परिसर की सुरक्षा और अधिक सख्त करने की मांग की है, ताकि अधिवक्ता और वादकारी बेखौफ होकर न्यायिक कार्य कर सकें।

फरार आरोपी की तलाश तेज, सुरक्षा और कड़ी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं कोर्ट परिसर के भीतर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है।

एसएसपी ने संभाला मोर्चा

मामले की जानकारी मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा स्वयं सिविल कोर्ट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोर्ट परिसर की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *