समस्तीपुर, 29 जनवरी 2026: बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत गुरुवार को समस्तीपुर पहुंचे और जिले में महिलाओं एवं ग्रामीण समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। समस्तीपुर स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, सरायरंजन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जीविका द्वारा स्थापित स्टॉल का भ्रमण किया और वहां उपस्थित जीविका दीदियों से संवाद किया। स्टॉल पर समस्तीपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित कृषि, गैर-कृषि और अन्य आजीविका गतिविधियों को मॉडल और वास्तविक प्रदर्शन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से लाभान्वित महिलाओं द्वारा शुरू किए गए व्यवसायों की जानकारी ली और कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जीविका दीदियों के समर्पण और उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की खुले तौर पर प्रशंसा की।
समृद्धि यात्रा के दौरान जीविका से जुड़े उत्पादक समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा। इस अवसर पर उन्होंने जीविका दीदियों को ₹437 करोड़ की राशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया। वहीं, जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को मिथिला पेंटिंग भेंट की, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक और भावनात्मक रंग भी जुड़ा।
जीविका स्टॉल पर राज्य कार्यालय से जिला मेंटर सुश्री अनुमेहा स्वरुप, जिला कार्यालय से प्रबंधक एवं प्रखंड स्तरीय बीपीएम और जीविका कर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्टॉल अवलोकन के पश्चात माननीय मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर के जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों और ग्रामीणों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 6000 से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया। जनसंवाद कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुश्री अभिलाषा कुमारी शर्मा, जिला परियोजना प्रबंधक श्री बिक्रांत शंकर सिंह, जिला स्तरीय प्रबंधक, प्रखंड परियोजना प्रबंधक और जीविका कर्मी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की पहल, उनके व्यवसाय और ग्रामीण विकास में उनके योगदान की सराहना की और आगे भी उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस समृद्धि यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री ने न केवल महिलाओं और ग्रामीण समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया, बल्कि जिले में लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव और ग्रामीण विकास की दिशा में राज्य सरकार की सक्रियता को भी प्रदर्शित किया।