:
Breaking News

समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2203 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, एनडीपीएस एक्ट में तस्कर गिरफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत घटहो थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 3 फरवरी 2026 की रात करीब 12:50 बजे प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएच-88 पक्की सड़क पर अरमौली गांव स्थित विकास ढाबा के पास एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट कार को रोका। खजुरी से दलसिंहसराय की ओर जा रही उक्त कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01BG-8740) किसी वाहन को धक्का मारकर तेज गति से भागने का प्रयास कर रही थी, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से कार चालक विकास कुमार (उम्र 30 वर्ष), पिता नागेंद्र प्रसाद, निवासी पार नवादा, थाना बुंदेलखंड, जिला नवादा को भागने के क्रम में गिरफ्तार किया। इसके बाद नियमों का पालन करते हुए वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो बोरे तथा बीच वाली सीट पर रखे पांच बोरों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 2203 बोतल विस्कोरेक्स कफ सिरप जब्त किया, जिसमें त्रिपरोलीडीन हाइड्रोक्लोराइड एवं कोडीन फॉस्फेट पाया गया। प्रत्येक बोतल 100 एमएल की थी, जिससे कुल मात्रा 220.3 लीटर आंकी गई। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
इस मामले में घटहो थाना प्रभारी पु०अ०नि० रजनीश रंजन के स्वयं लिखित बयान के आधार पर घटहो थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 03.02.2026 दर्ज किया गया है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21(सी)/22(बी) के तहत पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद प्रतिबंधित सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विकास कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में कासनगर पुलिस स्टेशन कांड संख्या 42/24, दिनांक 05.09.2024 के तहत बिहार शराब निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) में मामला दर्ज है। इससे यह आशंका और प्रबल होती है कि अभियुक्त लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त रहा है।
छापेमारी दल में पु०अ०नि० रजनीश कुमार रंजन, स०अ०नि० विनोद कुमार सहित घटहो थाना के अन्य सशस्त्र बल शामिल थे। इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP) दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि समस्तीपुर पुलिस नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी सख्ती से नकेल कस रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *