:
Breaking News

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का दूसरा चरण शुरू, सफल महिलाओं को मिलेगा 2 लाख तक का सीधा आर्थिक सहयोग

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: बिहार सरकार ने महिलाओं की आर्थिक मजबूती को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है। इस चरण में उन महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी, जिन्होंने पहले चरण में मिली राशि से अपना रोजगार शुरू किया और उसे सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। यह पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहले चरण में राज्य के 1 करोड़ 56 लाख परिवारों की महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई थी, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं ने छोटे व्यवसाय की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से दूसरे चरण की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर परिवार की एक महिला को उद्यमी बनाना है। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं ने पहले चरण की राशि का सही उपयोग कर रोजगार शुरू किया है, उनके कार्य का छह महीने बाद मूल्यांकन कराया जाएगा। मूल्यांकन में सफल पाई गई महिलाओं को उनकी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकार के अनुसार दूसरे चरण में दी जाने वाली राशि एकमुश्त या किस्तों में दी जा सकती है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि महिला का रोजगार किस स्तर पर है और उसे आगे बढ़ाने के लिए कितनी पूंजी की आवश्यकता है। सरकार केवल पैसा ही नहीं देगी, बल्कि महिलाओं के उत्पादों की मार्केटिंग में भी सहयोग करेगी। उन्हें पोशाक निर्माण इकाइयों, सुधा बिक्री केंद्रों और दीदी की रसोई जैसी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि उनके उत्पादों को बाजार मिल सके।
यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका के माध्यम से और शहरी क्षेत्रों में नगर विकास एवं आवास विभाग के सहयोग से संचालित की जाएगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं की आय बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के लिए होने वाले पलायन को रोकना है।
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को आधार कार्ड, बिहार का निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार से लिंक बैंक खाता, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर देना होगा। सरकार का दावा है कि इस योजना से राज्य की महिलाओं को स्थायी रोजगार मिलेगा और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *