:
Breaking News

बाढ़ में पुलिस को खुली चुनौती, जब्त वाहन छुड़ाकर फरार हुआ मालिक

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/बाढ़: बाढ़ थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का मामला सामने आया है। बहरामा फोरलेन सड़क पर पुलिस द्वारा जब्त किए गए एक चार पहिया वाहन को वाहन मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर चौकीदार से बदसलूकी करते हुए जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 जनवरी को बहरामा फोरलेन पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने दो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन को जब्त कर लिया था और उसकी निगरानी की जिम्मेदारी चौकीदार राजू पासवान को सौंपी गई थी।
आरोप है कि 25 जनवरी की शाम वाहन मालिक आकाश अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। तीनों ने चौकीदार के साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की करते हुए जब्त वाहन लेकर फरार हो गए। चौकीदार के विरोध के बावजूद आरोपी नहीं रुके। बाद में चौकीदार के बयान पर बाढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।
इसी दुर्घटना में घायल बेलछी थाना क्षेत्र के भीखोंचक गांव निवासी सुबोध कुमार सन्नी ने भी थाने में अलग से केस दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चार पहिया वाहन चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मारी। सुबोध के अनुसार, वे दो बाइक पर सवार होकर तिलक समारोह में जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
फिलहाल घायलों में से दो का इलाज बिहार शरीफ के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *