:
Breaking News

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवाओं से संवाद, लोकतंत्र को मजबूत करने निकली जागरूकता पदयात्रा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर | 30 जनवरी 2026
माय भारत (मेरा युवा भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर गुरुवार को समस्तीपुर में लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से संवाद एवं पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर के सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवकों और शिक्षकों की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्या परिषद सदस्य डॉ. तरुण चौधरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद कुमार, नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी श्री नीरजेश कुमार, समस्तीपुर कॉलेज के प्रधानाध्यापक श्री शशि भूषण शशि, एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट राहुल मनहर, हिंदी विभागाध्यक्ष श्री महेश कुमार चौधरी, डॉ. अपराजिता रॉय, आशा सेवा संस्थान के सचिव श्री अमित वर्मा तथा शालिनी भावसिंका सहित अन्य गणमान्य लोग मंचासीन रहे। अतिथियों का स्वागत शॉल, मोमेंटो एवं फूलमाला से किया गया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. तरुण चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद कुमार ने मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और मताधिकार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी तथा नए मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उद्देश्य, लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका और जागरूक नागरिक बनने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। इस दौरान पांच नए युवा मतदाताओं को विशेष रूप से संबोधित कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण चरण में सभी उपस्थित लोगों को मतदान में सक्रिय सहभागिता की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
संवाद कार्यक्रम के उपरांत समस्तीपुर कॉलेज परिसर से चांदनी चौक तक मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि द्वारा हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया गया। पदयात्रा में शामिल युवा हाथों में तख्तियां लेकर “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा मत, मेरा अधिकार” और “हम युवाओं ने ठाना है, हर मतदाता को जागरूक बनाना है” जैसे नारों के साथ लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करते नजर आए।
इस कार्यक्रम में स्वयंसेवक रजनीश कुमार, मो. अली, दीपक कुमार, बिट्टू कुमार, अंशु कुमारी सहित एनएसएस और एनसीसी के दो सौ से अधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मतदान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *