:
Breaking News

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर मीडिया कार्यशाला आज, स्वास्थ्य विशेषज्ञ करेंगे मार्गदर्शन

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर | 31 जनवरी 2026
जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी 10 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च एवं जिला स्वास्थ्य समिति, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को फाइलेरिया विषय पर एक मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यशाला आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को दिन के 12 बजे से एसएनसीयू सभागार, सदर अस्पताल कैंपस, समस्तीपुर में आयोजित होगी। कार्यशाला में जिले के स्वास्थ्य पदाधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ एवं कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी फाइलेरिया रोग, उसके कारण, बचाव, उपचार तथा सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम की आवश्यकता और महत्व पर विस्तार से जानकारी देंगे।
आयोजकों के अनुसार, फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सफलता में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही और तथ्यपरक जानकारी जन-जन तक पहुँचाकर ही लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से मीडिया प्रतिनिधियों के लिए यह विशेष कार्यशाला आयोजित की गई है, ताकि वे अभियान की संवेदनशीलता और सामाजिक महत्व को समझते हुए प्रभावी जनजागरूकता में योगदान दे सकें।
जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से जिले के सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों, रिपोर्टरों, फोटो एवं वीडियो जर्नलिस्टों से कार्यक्रम में सादर उपस्थिति का अनुरोध किया गया है। आयोजकों का कहना है कि मीडिया की सक्रिय सहभागिता से फाइलेरिया उन्मूलन के इस अभियान को मजबूती मिलेगी और जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य की ओर एक ठोस कदम बढ़ाया जा सकेगा।
कार्यक्रम से जुड़ी अधिक जानकारी एवं समन्वय हेतु संपर्क संख्या 9386912114 जारी की गई है। आयोजकों ने विश्वास जताया है कि मीडिया के सहयोग से यह जनस्वास्थ्य अभियान व्यापक जनसमर्थन प्राप्त करेगा और समस्तीपुर को फाइलेरिया मुक्त जिला बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *