:
Breaking News

कोहरे ने ली डॉक्टर दंपति की जान: एनएच-22 पर खड़े कंटेनर से टकराई कार, हाजीपुर में दर्दनाक हादसा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

हाजीपुर/मुजफ्फरपुर।बिहार में ठंड के मौसम में घने कोहरे का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मुजफ्फरपुर–हाजीपुर एनएच-22 पर सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के पास शनिवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मशहूर डॉक्टर दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अररिया सदर अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सक डॉ. जितेंद्र प्रसाद (50) अपनी पत्नी (45) के साथ अररिया से पटना स्थित अपने आवास लौट रहे थे। अहले सुबह सराय टोल प्लाजा के समीप घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
मौके पर ही बुझ गई जिंदगी की सांसें
हादसे की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। तीनों को आनन-फानन में हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चिकित्सक दंपति को मृत घोषित कर दिया। कार चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
कुत्ता बच गया, इंसान हार गया
इस दर्दनाक हादसे में एक भावुक करने वाला दृश्य भी सामने आया, जब कार में मौजूद पालतू कुत्ता सुरक्षित पाया गया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद कुत्ते को कोई गंभीर चोट नहीं आई, जबकि दो जिंदगियां हमेशा के लिए खत्म हो गईं।
पुलिस का बयान
सराय थाना अध्यक्ष मणिभूषण कुमार ने बताया कि यह हादसा घने कोहरे और खड़े कंटेनर के कारण हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दृश्यता कम होने की वजह से कार चालक कंटेनर को समय रहते नहीं देख पाया। फिलहाल घायल चालक का इलाज चल रहा है और फरार कंटेनर चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े भारी वाहनों और कोहरे के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा के आसपास अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। डॉक्टर दंपति की असमय मौत से चिकित्सा जगत और उनके जानने वालों में शोक की लहर है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *