:
Breaking News

बिहटा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़े, दो मासूम समेत छह की मौत, इलाके में आक्रोश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोईलवर पुल के समीप रविवार अहले सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरे एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के रहने वाले गुड्डू (33) और इम्तियाज (30), आरा शहर के मिल्की मोहल्ला निवासी, कायमनगर निवासी असद खान (25), मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी शहजाद (22) तथा उनके दो मासूम बच्चों शफान (3) और अल्फी (डेढ़ वर्ष) के रूप में की गई है। एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में बालू लदे ट्रक बेलगाम गति से चलते हैं और प्रशासन की सख्ती न होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि ऐसे ट्रक चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है और ट्रक चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *