:
Breaking News

पटेल मैदान पर रोमांच का चरम: मैत्रीपूर्ण कॉस्को क्रिकेट में प्रशासन एकादश ने बैंकर्स को 6 रनों से हराकर जीता खिताब

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर | पटेल मैदान एक बार फिर खेल और सौहार्द का साक्षी बना, जब जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित मैत्रीपूर्ण कॉस्को क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। प्रशासन एकादश और बैंकर्स एकादश के बीच हुआ यह 15-15 ओवर का मुकाबला रोमांच, रणनीति और जुझारूपन से भरपूर रहा, जिसमें अंततः प्रशासन एकादश ने बैंकर्स एकादश को 6 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस में किस्मत बैंकर्स एकादश के पक्ष में नहीं रही और प्रशासन एकादश पहले बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी। टीम ने संतुलित और जिम्मेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। पारी की रीढ़ बने अभिसार, जिन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए 41 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा एनडीसी रजनीश कुमार राय ने 23 रन, राहुल कुमार ने 18 रन और कप्तान डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने 15 महत्वपूर्ण रन जोड़कर स्कोर को मजबूत आधार दिया।
बैंकर्स एकादश की ओर से गेंदबाजी में शक्ति कुमार ने धारदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और प्रशासनिक टीम की रन गति पर ब्रेक लगाया। समीर कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि अभिजीत और राजेश कुमार को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंकर्स एकादश ने पूरे आत्मविश्वास के साथ पारी की शुरुआत की। राकेश कुमार ने 37 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, वहीं शक्ति कुमार (23 रन), कप्तान अभिजीत गौरव (22 रन) और समीर कुमार (12 रन) ने भी टीम को जीत की ओर ले जाने की भरपूर कोशिश की। हालांकि, प्रशासन एकादश की सधी हुई गेंदबाजी के आगे बैंकर्स टीम निर्धारित ओवरों में 131 रन ही बना सकी और मुकाबला 6 रनों से हाथ से निकल गया।
प्रशासन एकादश की जीत के नायक गेंदबाजी में एनडीसी रजनीश कुमार राय रहे, जिन्होंने 3 विकेट लेकर बैंकर्स एकादश की उम्मीदों को झकझोर दिया। इसके अलावा ओएसडी और राहुल कुमार ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि अभिसार को 1 विकेट मिला।
मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह एवं बैंकर्स टीम के रीजनल हेड ने संयुक्त रूप से विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में बेस्ट बल्लेबाज का सम्मान अभिसार को, बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार शक्ति कुमार को, बेस्ट क्षेत्ररक्षक का खिताब ओएसडी को तथा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एनडीसी रजनीश कुमार राय को प्रदान किया गया।
इस रोमांचक मुकाबले में सुभीत कुमार सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए खेल को निष्पक्ष और सुचारू ढंग से संपन्न कराया। कुल मिलाकर यह मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता प्रशासन और बैंकर्स के बीच खेल के माध्यम से आपसी समन्वय, सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *