:
Breaking News

पूर्णिया के अमौर थाना परिसर में हवलदार का संदिग्ध हालत में शव बरामद, गले में गोली के निशान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पूर्णिया:अमौर थाना परिसर के भीतर बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गार्ड आवास से एक हवलदार का खून से सना शव बरामद हुआ। गले में गोली लगने के स्पष्ट निशान मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना थाना परिसर के अंदर होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक हालात को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मृतक की पहचान गया जिले के निवासी आलमनाथ भूइयां (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अमौर थाना में हवलदार के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह करीब दस बजे यह मामला सामने आया, जब रोजाना की तरह कैंटीन का रसोइया उनके लिए भोजन लेकर गार्ड आवास पहुंचा। दरवाजा खुला देख जैसे ही वह अंदर गया, सामने पड़े दृश्य को देखकर घबरा गया। कमरे के भीतर आलमनाथ भूइयां जमीन पर पड़े थे और चारों ओर खून फैला हुआ था, जबकि उनके गले में गोली लगने का गहरा घाव साफ दिखाई दे रहा था।
शोर सुनते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अमौर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। कुछ ही देर में पुलिस के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गोली गले को भेदते हुए आर-पार निकल गई थी, जिससे मौके पर ही मौत की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले ही हवलदार आलमनाथ भूइयां ने सुबह करीब आठ बजे अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत की थी। उस बातचीत में किसी भी तरह की परेशानी या तनाव की बात सामने नहीं आई थी। ऐसे में दो घंटे के भीतर हुई इस रहस्यमय मौत ने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि थाना परिसर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान में यह घटना कैसे हुई।
घटनास्थल को तत्काल सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस हथियार, खोखा और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और बैलिस्टिक रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है।
इधर, गया में रह रहे मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है और परिजन पूर्णिया के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, इस संवेदनशील मामले में पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और हर पहलू से जांच जारी रहने की बात कही जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *