:
Breaking News

होली के मौके पर रेलवे का बड़ा फैसला: 1 से 22 मार्च तक 1410 स्पेशल ट्रेनें, जरूरत पड़ने पर संख्या बढ़ाई जा सकती है

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर: होली के त्योहार में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस बार विशेष तैयारी की है। रेलवे प्रशासन ने 1 मार्च से 22 मार्च 2026 तक कुल 1410 होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है, जबकि जरूरत पड़ने पर यह संख्या 1500 तक बढ़ाई जा सकती है। इस कदम का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुगम आने-जाने की सुविधा देना और प्रमुख शहरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है। पिछले वर्ष 2025 में होली के अवसर पर कुल 1144 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, जिससे स्पष्ट है कि इस बार रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इससे भी अधिक ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है।
जोनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्व मध्य रेलवे (ECR) सबसे अधिक 285 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, इसके बाद पश्चिम रेलवे (WR) 231, मध्य रेलवे (CR) 209, दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) 160, उत्तर रेलवे (NR) 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) 71 ट्रेनें चलाएंगे। वहीं कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे (NCR) 66, पूर्वोत्तर रेलवे (NER) 62, पूर्व तटीय रेलवे (ECOR) 62, दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) 47, पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) 43, दक्षिण रेलवे (SR) 39, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) 15, कोंकण रेलवे (KR) 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) 2 होली स्पेशल ट्रेनें संचालित करेंगी। इस व्यापक योजना से त्योहार के दौरान यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा और सुगमता की उम्मीद है।
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से चलाई जा रही कुछ प्रमुख होली स्पेशल ट्रेनें भी तैयार की गई हैं। इनमें सोगरिया (कोटा)–दानापुर–सोगरिया स्पेशल (09821/09822) है, जो 28 फरवरी और 7 मार्च को सोगरिया से रात 11:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। इसके रिवर्स रूट 09822 दानापुर–सोगरिया स्पेशल 2 मार्च और 9 मार्च को चलेगी। इसी तरह रानीकमलापति–दानापुर स्पेशल (01667/01668) 27 फरवरी और 2 मार्च को रानीकमलापति से 14:25 बजे चलेगी और अगले दिन दानापुर 08:45 बजे पहुंचेगी। इसके रिवर्स रूट 28 फरवरी और 3 मार्च को दानापुर से रवाना होगी। रानीकमलापति–अगरतला स्पेशल (01665/01666) हर गुरुवार 5 मार्च से और हर रविवार 8 मार्च से चलाई जाएगी, जबकि हापा–नाहरलगुन स्पेशल (09525/09526) 4 मार्च से बुधवार और 7 मार्च से शनिवार को संचालित होगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस बार की सभी स्पेशल ट्रेनें यात्रियों की बढ़ती मांग, समय पर गंतव्य तक पहुंच और यात्रा को सुगम बनाने पर केंद्रित हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की जानकारी रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से अवश्य लें। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि इस बार की व्यापक योजना और अतिरिक्त ट्रेन संचालन से होली के अवसर पर यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सहज यात्रा का अनुभव मिलेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *