:
Breaking News

दरभंगा में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख, एसएसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा।जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा की अध्यक्षता में शुक्रवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। दिनांक 07 फरवरी 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दरभंगा में आयोजित इस गोष्ठी में जनवरी माह के दौरान दर्ज, निष्पादित एवं लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपराध गोष्ठी में नगर पुलिस अधीक्षक दरभंगा, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने थानावार अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या सहित अन्य गंभीर मामलों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक कांड का निष्पादन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत छात्र-छात्राओं के छात्रावास, लॉज एवं हॉस्टल की नियमित जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारी करने, संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा समय रहते फ्लैग मार्च एवं गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-समन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
नारकोटिक्स पदार्थों, ड्रग्स और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री एवं तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह के अपराध सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए इनके विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
यातायात दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों में पीड़ितों को समय पर मुआवजा मिल सके, इसके लिए I-RAD और e-DAR पोर्टल पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय से दर्ज करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सक्रिय अपराधियों का पूरा विवरण गुंडा पंजी में अद्यतन रखने तथा ई-साक्ष्य ऐप पर महत्वपूर्ण मामलों से जुड़े वीडियो और साक्ष्य नियमानुसार अपलोड करने की बात कही गई।
शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों और शराब तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, साथ ही जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती और विशेष अभियान संचालित करने को कहा गया।
गोष्ठी में फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि थाना में आने वाले प्रत्येक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनी जाए और त्वरित जांच के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्रों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में सभी थानाध्यक्षों को यह निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन सुबह थाना में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दिनभर की टास्किंग करें, ताकि कार्यों की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
गोष्ठी के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि दरभंगा पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *