:
Breaking News

साजिश का शिकार हूं, बदनाम करने में जुटा है गिरोह: तेजप्रताप यादव

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार की राजनीति में भूचाल ला देने वाला बयान देते हुए अपने ही राजनीतिक खेमे के नेताओं पर खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जो घटनाक्रम सामने आया है, वह महज व्यक्तिगत विवाद नहीं बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है, जिसका उद्देश्य उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम कर राजनीतिक रूप से हाशिये पर धकेलना है। तेजप्रताप यादव ने सीधे तौर पर राजद से जुड़े कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही एक गिरोह सक्रिय है, जो अंदरखाने उन्हें कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रहा है। उन्होंने पूर्व विधायक मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह को इस साजिश का हिस्सा बताते हुए इन्हें ‘आधुनिक जयचंद’ करार दिया और दावा किया कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन मुकेश रौशन कर रहा है। तेजप्रताप यादव ने कहा कि उन्हें जबरन उनके ही घर से बाहर कर दिया गया, ताकि राजनीतिक और मानसिक दबाव बनाया जा सके। वायरल फोटो के मुद्दे पर उन्होंने साफ कहा कि यह उनकी छवि धूमिल करने का हथकंडा था और उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर साजिशन तस्वीरें पोस्ट की गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि अनुष्का यादव और आलोक गुर्जर से जुड़ी बातें सामने लाकर असली साजिशकर्ताओं को बचाने की कोशिश क्यों की जा रही है। प्रेस वार्ता के दौरान तेजप्रताप यादव ने यह भी कहा कि लगातार आरोपों और राजनीतिक हमलों ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश की, यहां तक कि वे डिप्रेशन में चले गए और आत्मघाती विचार तक आए, जो इस राजनीति की क्रूरता को दर्शाता है। उन्होंने इसे अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ हुए राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह पहले उन्हें झूठे मामलों में फंसाया गया, अब वही मॉडल उनके साथ अपनाया जा रहा है। तेजप्रताप यादव ने साफ किया कि वे इस पूरे प्रकरण को कानूनी लड़ाई में बदलेंगे और जरूरत पड़ी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक जाकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने जीतन राम मांझी के ट्वीट पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना सच्चाई जाने बयान देना राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। तेजप्रताप यादव ने दो टूक कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि बिहार की उस राजनीति के खिलाफ है, जहां साजिश और चरित्रहनन को हथियार बना लिया गया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *