:
Breaking News

लखीसराय में मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रगति पर समीक्षा बैठक, सर्वे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय,जिला प्रशासन, लखीसराय के नेतृत्व में आज मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे (एनएच–तेत्तीस) परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की। समीक्षा में सभी अंचल अधिकारी एवं अमीन उपस्थित रहे। बैठक समाहरणालय लखीसराय के मंत्रणा कक्ष में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि एनएच–तेत्तीस परियोजना अंतर्गत लखीसराय जिले के पांच अंचलों—बड़हिया, पिपरिया, चानन, सूर्यगढ़ा और लखीसराय—में सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। पिपरिया और चानन अंचल में सर्वे कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, जो जिला प्रशासन की सक्रिय निगरानी और समन्वय का परिणाम है।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि बड़हिया और लखीसराय अंचल के दो मौजों में सर्वेक्षण कार्य अंतिम चरण में है और इसे दो दिनों के भीतर पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वहीं, सूर्यगढ़ा अंचल के पांच मौजों में सर्वे कार्य शेष है, जिस पर जिला पदाधिकारी ने खेद व्यक्त किया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शेष सर्वे कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए और खेसरा पंजी तैयार की जाए, ताकि परियोजना के आगामी चरणों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने बताया कि मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे परियोजना क्षेत्रीय विकास के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह परियोजना जिले में आवागमन, व्यापार और निवेश को नई गति प्रदान करेगी।
जिला प्रशासन परियोजना की सतत निगरानी कर रहा है और अगले सप्ताह पुनः समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों से समन्वित और उत्तरदायी कार्यशैली अपनाने और समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, संबंधित विभागों के पदाधिकारी और सर्वे कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *