:
Breaking News

बिहार में दोहरे मिजाज वाला मौसम, दिन में गर्मी शाम और सुबह में ठंड और कोहरा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार। फरवरी के मध्य में भी राज्य में मौसम अपने दोहरे मिजाज के लिए लोगों को चौंका रहा है। दिन में तेज धूप गर्मी का एहसास कराती है, लेकिन जैसे ही शाम होती है या सुबह जल्दी होती है, पारा गिरने लगता है और ठंड बढ़ जाती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बिहार के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। किशानगंज में तो न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज किया गया।
अभी भी कुछ जिलों में सुबह में कोहरा रहने से वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दिन के समय धूप की गर्मी इतनी बढ़ जाती है कि लोगों को गर्म कपड़े उतारने पड़ते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि आने वाले पांच दिनों तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। रात और सुबह में ठंडक रहेगी, शाम को बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनना आवश्यक है।
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान 25.3 से 30.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कैमूर में सबसे अधिक 30.5 डिग्री दर्ज किया गया जबकि दरभंगा में अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
राज्य में न्यूनतम तापमान 9.7 से 16.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पूर्णिया समेत कुछ इलाकों में सुबह कोहरा छाया रहा। न्यूनतम दृश्यता 900 मीटर तक सीमित रही। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले पांच दिनों में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर बना रहेगा।
विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उसके सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में स्थित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊँचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से 15 फरवरी 2026 के आसपास उसी क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत में समुद्र तल से लगभग 12.6 किलोमीटर ऊपर उपोोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम 130 समुद्री मील की रफ्तार से चल रही है। इसके साथ दो नए पश्चिमी विक्षोभ जल्द ही पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं, जिनमें से पहला 13 फरवरी और दूसरा 16 फरवरी से असर दिखा सकता है। यही कारण है कि बिहार में मौसम का यह दोहरा मिजाज बना हुआ है, जिसमें दिन और रात के तापमान में भारी अंतर और कोहरा रहने की स्थिति बनी रहती है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस समय सावधानीपूर्वक बाहर निकलें, विशेषकर सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनें, और कोहरे और ठंड से संबंधित सभी सावधानियां बरतें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *