:
Breaking News

दरभंगा में अपराध पर सख्ती का संदेश: सिमरी थाना पहुंचे एसएसपी, लंबित कांडों की मैराथन समीक्षा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने का निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा: कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में एसएसपी ने दरभंगा जिले के सिमरी थाना में विशेष अनुसंधान समीक्षा बैठक कर थाना के सभी लंबित कांडों की गहन पड़ताल की और अनुसंधानकर्ताओं को समयबद्ध निष्पादन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में थानाध्यक्ष सहित सभी अनुसंधान पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने एक-एक मामले की प्रगति रिपोर्ट लेते हुए लंबित वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट और कुर्की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे।
निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न पंजियों की भी बारीकी से जांच की गई। जमानतीय और अजमानतीय पंजी, कांड दैनिकी, आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर, लोक शिकायत पंजी, केस डायरी तथा वारंट-इश्तिहार से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन कर सभी रजिस्टरों को अद्यतन रखने का सख्त निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने अनुसंधान की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर कांड का वैज्ञानिक और तथ्यपरक अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत हो सके। साथ ही कांड दैनिकी नियमित रूप से अपडेट करने और जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा गया।
बैठक में शराब माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने तथा डायल-112 सेवा को पूरी तरह सक्रिय और प्रभावी रखने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक के अंत में एसएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और जनता के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करने का निर्देश दिया।
इस सख्त समीक्षा और निरीक्षण के बाद माना जा रहा है कि सिमरी थाना क्षेत्र में लंबित मामलों के निपटारे और अपराधियों की धरपकड़ की रफ्तार अब काफी तेज होने वाली है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *