:
Breaking News

समस्तीपुर मंडल की अपील: “ब्रेक जाम को आग समझकर न घबराएँ, जागरूकता से ही सुरक्षित होगी यात्रा”

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर: रेल यात्रियों में हाल के दिनों में एक सामान्य तकनीकी स्थिति को लेकर भ्रम की स्थिति देखी जा रही है। इसे दूर करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल ने विशेष जागरूकता अपील जारी की है। मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के पहियों के पास धुआँ या जलने जैसी गंध महसूस होना अक्सर “आग लगने” की घटना नहीं बल्कि “ब्रेक जाम” यानी ब्रेक बाइंडिंग की सामान्य यांत्रिक स्थिति होती है।

क्या होता है ब्रेक जाम

रेल अधिकारियों के अनुसार जब किसी कोच के ब्रेक पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाते और पहिए चलते समय हल्का घर्षण करते रहते हैं, तब गर्मी पैदा होती है। इसी वजह से कभी-कभी हल्का धुआँ या जलने की गंध महसूस होती है। यह तकनीकी समस्या सामान्य श्रेणी की होती है और इसे तुरंत नियंत्रित किया जा सकता है।
इसे रोजमर्रा के उदाहरण से समझाया गया है— जैसे बाइक या कार में ब्रेक दबा रह जाए तो ब्रेक ड्रम या डिस्क गर्म होकर धुआँ छोड़ने लगती है, लेकिन वाहन में आग नहीं लगती। ट्रेन में भी ठीक इसी तरह की स्थिति बनती है।

घबराहट ज्यादा खतरनाक

रेल मंडल ने यात्रियों को खास तौर पर चेताया है कि ऐसी स्थिति दिखने पर अफवाह फैलाने या घबराकर कोई गलत कदम उठाने से बचें। चलती ट्रेन से कूदने या हड़बड़ी में भागने जैसी हरकतें गंभीर चोट और दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
यात्रियों से अपील की गई है कि यदि ऐसी स्थिति दिखे तो तुरंत लोको पायलट, गार्ड या रेलकर्मी को सूचित करें ताकि तकनीकी जांच कर समस्या का समाधान किया जा सके।

सुरक्षा के लिए रेलवे की तैयारी

भारतीय रेल के अनुसार ट्रेनों में नियमित निरीक्षण, मेंटेनेंस और आधुनिक निगरानी प्रणाली के जरिए ऐसे तकनीकी पहलुओं पर लगातार नजर रखी जाती है। लोको पायलट, गार्ड और ऑनबोर्ड स्टाफ को इस तरह की स्थितियों की पहचान और सुरक्षित समाधान के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

यात्रियों से सहयोग की अपील

रेल प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षित यात्रा केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यात्रियों की जागरूकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसलिए यात्रियों से अनुरोध है कि वे रेलवे कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से दूर रहें और संयम बनाए रखें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *