:
Breaking News

लखीसराय में विकास योजनाओं की समीक्षा, डीएम मिथिलेश मिश्र ने दिए सख्त निर्देश; स्वच्छता, गंगा संरक्षण और लंबित मामलों के निष्पादन पर दिया जोर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 11 मार्च:
जिला मुख्यालय लखीसराय स्थित समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा जिला गंगा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-2 एवं सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा स्पोर्ट्स क्लब निर्माण, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, पंचायत सरकार भवन निर्माण, दाखिल-खारिज की प्रक्रिया, धान अधिप्राप्ति, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना तथा लोहिया स्वच्छता अभियान की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
स्वच्छता से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना, बेस्ट कलेक्शन व्यवस्था, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की उपलब्धता तथा कचरा प्रबंधन प्रणाली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण, सूखा एवं गीला कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही पैडल रिक्शा एवं ई-रिक्शा के माध्यम से कचरा संग्रहण की व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने की बात कही।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता सुविधा शुल्क की वसूली को सुदृढ़ बनाने, जल प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी करने तथा ओडीएफ प्लस मॉडल को सफलतापूर्वक लागू करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जिला गंगा समिति से जुड़े कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में मोक्ष धाम निर्माण के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान, गंगा स्वच्छता पखवाड़ा (16 मार्च से 31 मार्च 2026) के आयोजन की तैयारियां, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्यों की प्रगति तथा जल महोत्सव पखवाड़ा से संबंधित कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इसके अतिरिक्त बैठक में नीलाम पत्र से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ प्राप्त वाद, निष्पादित वाद, थाना वार लंबित वाद, धारा-7 के अंतर्गत की गई कार्रवाई, चेतावनी नोटिस, गिरफ्तारी वारंट और तामिल प्रतिवेदन आदि की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि लंबित मामलों को कम करने के लिए प्रत्येक गुरुवार को विशेष कोर्ट का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, नगर परिषद लखीसराय, सूर्यगढ़ा एवं बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *