:
Breaking News

त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, मुंगेर प्रमंडल आयुक्त ने विधि-व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 17 मार्च। आगामी पर्व—ईद-उल-फितर, रामनवमी और महावीर जयंती को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुंगेर प्रमंडल आयुक्त कार्यालय की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारे को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वीसी में जुलूस मार्गों की जांच, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई और रोशनी की बेहतर व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में नियमित रूप से शांति समिति की बैठक आयोजित की जाए और जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जाए।
इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके।
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लखीसराय से जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा प्रमंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी भी बैठक से जुड़े रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि सभी पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हो सकें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *