:
Breaking News

रिटायरमेंट से दो महीने पहले उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के 12.43 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, एसवीयू की चार ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार की विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के पटना, जहानाबाद और औरंगाबाद में स्थित चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई में 12.43 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है। टीम को भारी मात्रा में कैश, जेवरात, जमीन से जुड़े कागजात, कई बैंक पासबुक और तीन बैंक लॉकर मिले। कैश की गिनती के लिए नोट-काउंटिंग मशीन बुलानी पड़ी।

अनिल कुमार आजाद को विभाग ने “बेहतरीन कार्य” के लिए तीन-तीन मेडल दिए थे और दो महीने बाद वे रिटायर होने वाले थे। लेकिन एसवीयू की जांच में सामने आया कि उन्होंने सरकारी सेवा के दौरान 1 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध/अवैध संपत्ति अर्जित की है। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसवीयू ने कोर्ट से तलाशी वारंट प्राप्त किया और चारों स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की।

चार जगहों पर छापेमारी

औरंगाबाद स्थित उत्पाद अधीक्षक का कार्यालय

औरंगाबाद शहर के सत्येंद्र नगर में किराए का आवास

जहानाबाद के सुमेरा में निजी स्कूल के पास स्थित घर

पटना के शिवपुरी में आवासीय भवन


चारों जगहों से जमीन में निवेश के कागजात, बैंकिंग दस्तावेज, लॉकर की चाबियाँ, पासबुक और कई महत्वपूर्ण फाइलें बरामद हुई हैं। एसवीयू टीम को कुछ ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं जिनकी जांच आगे जारी है।

अधिकारी बोले—यह साजिश है

छापेमारी के बीच अनिल कुमार आजाद ने फोन पर कहा कि यह कार्रवाई “स्पिरिट माफियाओं की साजिश” है। उनके अनुसार, “मेरे ऊपर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। मैंने टीम को हर संभव सहयोग दिया है। कल भतीजे की शादी थी, आज जैसे ही पटना लौटा, निगरानी की टीम पहुंच गई।”

जांच जारी, और खुलासों की संभावना

सूत्रों के मुताबिक, बरामद दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। टीम को उम्मीद है कि कुछ और बड़ी जानकारियाँ भी सामने आ सकती हैं। विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *