:
Breaking News

Samastipur News: कोर्ट से फरार पॉक्सो बंदी 20 घंटे में गिरफ्तार, अस्पताल से पुलिस ने दबोचा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar: Samastipur news: समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय से फरार पॉक्सो मामले के विचाराधीन बंदी को पुलिस ने 20 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल से गिरफ्तारी के बाद उसका इलाज चल रहा है। मामले में एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।

समस्तीपुर, 04 अगस्त। आलम की खबर: समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर से पेशी के दौरान फरार हुआ पॉक्सो मामले का विचाराधीन बंदी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फरारी की घटना के करीब 20 घंटे के भीतर पुलिस ने उसे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक स्थित एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में मिलने के कारण उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

गिरफ्तार बंदी की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र रौशन कुमार उर्फ साजन के रूप में हुई है। वह पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले में लगभग एक वर्ष से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। सोमवार को नियमित पेशी के लिए उसे जेल से व्यवहार न्यायालय लाया गया था। इसी दौरान महिला पुलिसकर्मी की अभिरक्षा से चकमा देकर वह फरार हो गया।

बंदी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नगर थाना में कोर्ट के पेशकार प्रभात रंजन कर्ण के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर कई पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि रौशन कल्याणपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा है। बताया जाता है कि परिवार के लोगों ने उसे भोजन कराने के बाद एक कमरे में रोक लिया था, लेकिन वह वेंटिलेशन तोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वह मकान से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल होने के बाद उसे मोहनपुर चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही टीम अस्पताल पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। उसके नाक पर गंभीर चोट आने के कारण पुलिस ने बेहतर इलाज के लिए उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सोमवार दोपहर न्यायालय से भागने के बाद रौशन पूरी रात शहर के विभिन्न इलाकों में छिपता रहा। बाद में वह पैदल मथुरापुर घाट के रास्ते कल्याणपुर के हसनपुर गांव पहुंचा और सुबह अपनी बुआ के घर पहुंच गया, जहां से अंततः पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए उसका इलाज कराया जा रहा है। स्वस्थ होने के बाद उसे दोबारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अदालत परिसर से विचाराधीन बंदी के फरार होने की घटना ने न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर सदर अस्पताल में नई रेफरल व्यवस्था लागू समस्तीपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *