:
Breaking News

मुजफ्फरपुर में फर्जी चिटफंड कंपनी के नाम पर नौकरी का झांसा, गिरोह का पर्दाफाश—चार गिरफ्तार, कई युवाओं से लाखों की ठगी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह का खुलासा किया है जो फर्जी चिटफंड कंपनी के नाम पर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देकर लाखों रुपये ऐंठ रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।

ठगी का मामला तब सामने आया जब नेपाल के मोरतहरी जिले के गोसल्ला थाना क्षेत्र के रहने वाले रंजीत कापड़ ने अहियापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, सुजन दुनगाना, हेमराज मल्ला, यशराम तमांड और भरत अधिकारी नामक युवकों ने उसे आकर्षक नौकरी देने का वादा किया और बाद में उसे कोल्हुआ पैगंबरपुर स्थित राहुल कुमार के मकान पर बुलाया। इसके बाद बैरिया में संतोष कुमार के घर “ट्रेनिंग सेंटर” बनाकर उसे सप्ताहभर प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान आरोपियों ने नौकरी पक्की कराने और कंपनी में पद सुनिश्चित करने के नाम पर कुल 2 लाख 20 हजार रुपये नकद व बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए वसूल लिए। पीड़ित ने बताया कि ट्रेनिंग के बाद उनसे कहा गया कि अगर वे अन्य तीन–चार लोगों को जोड़ेंगे, तो उनकी नौकरी स्थायी हो जाएगी और वेतन भी मिलने लगेगा। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अन्य पीड़ितों से भी करीब साढ़े चार लाख रुपये की ठगी की गई है।

गिरोह के और सदस्यों की तलाश में पुलिस

अहियापुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को संदेह है कि गिरोह में और लोग शामिल हो सकते हैं और ठगी का शिकार युवाओं की संख्या भी ज्यादा हो सकती है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन के आधार पर पूरी नेटवर्क की जांच कर रही है।मामले में आगे की कार्रवाई तेजी से जारी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *