:
Breaking News

पूर्णिया में नवजात को फेंकने की दर्दनाक घटना, ममता हुई शर्मसार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पूर्णिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कड़ाके की ठंड में एक मां ने अपने नवजात शिशु को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई—शव को दफनाने की तैयारी के दौरान जो हुआ, उसने मामले को और ज्यादा रहस्यमय बना दिया।

रायपुरा मध्य विद्यालय के पास से गुजर रहे ग्रामीणों को गड्ढे से रोने जैसी आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि कोई जानवर फंसा होगा, लेकिन जब वे पास पहुंचे तो खून से लथपथ एक नवजात शिशु पड़ा मिला। बच्चे के शरीर पर कई ताज़े जख्म थे और उसकी सांसें बहुत धीमी चल रही थीं। ग्रामीण उपचार के लिए ले जाने ही वाले थे कि मासूम ने दम तोड़ दिया।

लावारिस नवजात के लिए ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया और दफनाने की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान दो अज्ञात युवतियां भीड़ को चीरते हुए मौके पर पहुंचीं और “सम्मानजनक अंतिम संस्कार” का हवाला देते हुए नवजात का शव जबरन उठाकर वहां से फरार हो गईं। ग्रामीणों के विरोध का भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा। न तो किसी ने उन्हें पहले देखा था और न ही कोई जानता है कि वे किस गांव से थीं।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों को शक है कि युवतियां अवैध दत्तक ग्रहण गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं, जबकि कुछ इसे सबूत मिटाने का प्रयास भी मान रहे हैं।

भवानीपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि नवजात को किसने फेंका और शव लेकर भागने वाली युवतियां कौन थीं। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र के तेलियारी में भी एक नवजात बोरे में बंद कर फेंका गया था, जिसे एक ग्रामीण दंपती ने समय रहते बचा लिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में भय और चिंता दोनों बढ़ा दी हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *