:
Breaking News

लखीसराय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, DM ने दिए कड़े निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 02 दिसंबर 2025: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान भारत, टीबी मुक्त भारत, भव्या पोर्टल, मातृत्व मृत्यु समीक्षा, पोलियो अभियान, परिवार नियोजन सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी प्रमुख कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान भव्या पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि में गंभीर लापरवाही सामने आई। पाया गया कि कई संस्थानों द्वारा IPD से संबंधित उपचारात्मक आंकड़े दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। शून्य प्रविष्टि वाले संस्थानों में सदर अस्पताल लखीसराय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा और रेफरल अस्पताल बड़हिया शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भव्या पोर्टल पर आवश्यक डेटा समय पर और पूर्ण रूप से अपलोड किया जाए।

जिलाधिकारी ने OPD और IPD सेवाओं में चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने सिविल सर्जन और सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि OPD में प्रतिदिन चिकित्सकीय सेवा तथा IPD में चिकित्सकीय सलाह से संबंधित चिकित्सक-वार प्रतिवेदन प्रतिदिन जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराया जाए।

M-ASHA पोर्टल की समीक्षा में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा परिवार से जुड़े आंकड़े दर्ज नहीं करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। निर्देश दिया गया कि 29 दिसंबर 2025 तक उपलब्धि को जिले के औसत (29%) से ऊपर लाया जाए। लखीसराय (6%), पिपरिया (13%), बड़हिया (24%) और सूर्यगढ़ा (27%) प्रखंडों में कमजोर प्रदर्शन को देखते हुए संबंधित सामुदायिक उत्प्रेरकों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए और तत्काल सुधार का आदेश दिया गया।

टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने हेतु 10 दिसंबर 2025 को बलगुदार स्थित ऑडिटोरियम में उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

प्लस पोलियो अभियान और नियमित टीकाकरण (RI) की तैयारी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक दिन की गतिविधियों का फीडबैक लिया जाएगा। प्रखंड स्तर पर समीक्षा प्रखंड विकास पदाधिकारी और जिला स्तर पर स्वयं जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी।

परिवार नियोजन कार्यक्रम में पुरुष नसबंदी और महिला बंध्याकरण की उपलब्धि अत्यंत कम पाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पखवाड़ा अवधि में अधिकतम प्राप्ति सुनिश्चित करते हुए लक्ष्यों की पूर्ति की जाए।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. उमेश प्रसाद सिंह, एसीएमओ, डीपीएम, एमओआईसी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा WHO, PSI इंडिया, यूनिसेफ, PFI और पिरामल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *