:
Breaking News

लखीसराय में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला सम्पन्न—युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्व–रोजगार की मिली नई राह

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय। बेरोजगार युवा-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें कौशल विकास व स्व–रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को जीविका लखीसराय द्वारा रामगढ़ चौक प्रखंड स्थित प्राथमिक उर्दू विद्यालय परिसर में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, राज्य परियोजना प्रबंधक (रोजगार) जीविका श्री जितेंद्र कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनीता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अभिषेक कुमार, अंचलाधिकारी रामगढ़ चौक श्री निशांत कुमार, तथा उपकार जीविका संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्ष श्रीमती बिंदु देवी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

“युवाओं को एक ही मंच पर करियर, कौशल और रोजगार की दिशा”—डीएम मिश्र

अपने संबोधन में डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि यह मेला युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों, प्रशिक्षण संस्थानों और सरकारी योजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने वाला प्रभावी मंच है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जीविका द्वारा युवाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएँ चलाई जा रही हैं, जिनका अधिक से अधिक लाभ लेने की आवश्यकता है।

10 प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी, ऑन–स्पॉट साक्षात्कार

मेले में कुल 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर आवेदन लिए गए और कई कंपनियों ने मौके पर ही प्रारंभिक साक्षात्कार भी संपन्न किए।

बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने मेला में पहुँचकर विभिन्न अवसरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्व–रोजगार विकल्पों की जानकारी हासिल की।कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि लखीसराय जिले के युवाओं में कौशल, अनुशासन और सीखने की मजबूत क्षमता है, जिसे ऐसे मेलों के माध्यम से सही दिशा मिलती है।

लाभान्वित अभ्यर्थियों ने कही–“एक ही स्थान पर इतने अवसर, पहली बार मिला अनुभव”

कई अभ्यर्थियों ने बताया कि रोजगार मेला उनके लिए बेहद उपयोगी रहा, क्योंकि एक ही स्थल पर विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियाँ, प्रशिक्षण संस्थान और रोजगार योजनाएँ उपलब्ध थीं।ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार बाजार की आवश्यकताओं से जोड़ने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ शपथ—डीएम ने दिलाया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित युवाओं, जीविका दीदियों और नागरिकों को बाल-विवाह, दहेज प्रथा और नशा सेवन जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि रोजगार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण सामाजिक जागरूकता और एक स्वस्थ समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका है।

सक्रिय सहभागिता

इस अवसर पर जीविका के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम को प्रशासन एवं जीविका ने सहयोगात्मक और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न किया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *