:
Breaking News

विश्व मृदा दिवस पर लखीसराय में जिला स्तरीय कार्यक्रम, किसानों को मिले मृदा स्वास्थ्य कार्ड

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय, 05 दिसंबर 2025: विश्व मृदा दिवस पर आज रामगढ़ प्रखंड स्थित कृषि कार्यालय में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड (SHC) वितरित किए। उन्होंने कहा कि मिट्टी कृषि की नींव है और इसका संरक्षण आवश्यक है। अधिक रासायनिक उर्वरक व कीटनाशक के उपयोग से मिट्टी, जल व मानव स्वास्थ्य प्रभावित होता है, इसलिए संतुलित उर्वरक उपयोग और जैविक तरीके अपनाना जरूरी है। डीएम ने किसानों से पराली नहीं जलाने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने हेतु वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की।

कृषि विभाग की टीम खेतों से मिट्टी का नमूना लेकर उसमें नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश, सल्फर, जिंक, बोरान आदि पोषक तत्वों की जांच करती है। रिपोर्ट के आधार पर किसानों को उर्वरक की सही मात्रा व फसल प्रबंधन संबंधी सुझाव SHC के माध्यम से दिए जाते हैं। जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार संतुलित उर्वरक उपयोग से लागत घटती है, उत्पादन बढ़ता है और मिट्टी व पर्यावरण को भी लाभ मिलता है। पराली प्रबंधन को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

जिले को 4,000 SHC वितरण का लक्ष्य मिला है, जिसमें से अब तक 2,500 कार्ड किसानों को दिए जा चुके हैं। मृदा दिवस पर लखीसराय, बड़हिया, रामगढ़, पिपरिया, सूर्यमंडल, कियरी और बाराही सहित सभी प्रखंडों में विशेष कैंप आयोजित हुए, जहां किसानों को SHC वितरण के साथ मृदा परीक्षण, उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती और उन्नत कृषि तकनीक पर परामर्श दिया गया। किसानों ने कहा कि कार्ड मिलने से मिट्टी की प्रकृति और उसकी जरूरतें समझने में आसानी होती है, जिससे बेहतर कृषि योजना बनाई जा सकती है।

कार्यक्रम में डीएम के साथ उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक DRDA नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, अनुमंडलीय कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजीव कुमार, जीविका प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *