:
Breaking News

Bihar Railway News: अयोध्या–जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 28 नवंबर से

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar | Bihar News | Patna News | Samastipur News | अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर और जयनगर सहित कई स्टेशनों से होकर चलेगी।

25 नवंबर 2026 | Alam Ki Khabar


भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने के साथ धार्मिक यात्रियों की राह आसान करने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की तारीख तय हो गई है। अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 15595/15596 आगामी 28 नवंबर से नियमित सेवा में आ जाएगी। इस ट्रेन के परिचालन से बिहार के कई प्रमुख शहरों और सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को भी सीधा रेल संपर्क मिलेगा।


पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के लिए ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी। जनकपुर धाम से पहली नियमित सेवा 28 नवंबर और अयोध्या कैंट से पहली नियमित सेवा 30 नवंबर को शुरू होगी।


बिहार के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन


सरयू-कमला एक्सप्रेस का मार्ग गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होकर निर्धारित किया गया है। इस रेल सेवा से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।


जनकपुर धाम से अयोध्या जाने वाली ट्रेन संख्या 15595 शनिवार को नेपाली समयानुसार दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचने के बाद निर्धारित ठहराव के साथ भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी। इसके बाद मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। अगले दिन सुबह बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में ठहराव के बाद सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।


अयोध्या से जनकपुर के लिए सोमवार को चलेगी ट्रेन


वापसी में ट्रेन संख्या 15596 सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से खुलेगी। शाम 6:20 बजे अयोध्या धाम, रात 7:30 बजे मनकापुर और रात 8:37 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद रात 10:13 बजे गोरखपुर, मंगलवार तड़के 1:50 बजे नरकटियागंज, 3:10 बजे रक्सौल और सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी।


ट्रेन सुबह 6:05 बजे शीशो और 7 बजे मधुबनी रुकने के बाद भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचेगी। यहां निर्धारित ठहराव के बाद सुबह 10:30 बजे रवाना होकर नेपाली समयानुसार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।


17 कोच के साथ चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस


इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, एसी थ्री इकोनॉमी के तीन, शयनयान श्रेणी के सात और एसएलआर के दो कोच शामिल होंगे।


अयोध्या और जनकपुर धाम दोनों ही धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल हैं। नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होने से रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ सामान्य यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से नेपाल और अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए यह रेल सेवा एक महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है।


पूरी खबर पढ़ने के लिए Alam Ki Khabar पढ़ें।


यह भी पढ़ें: बिहार में रेलवे से जुड़ी अन्य खबरें

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *