:
Breaking News

मोहिउद्दीननगर में भीषण सड़क हादसा: शादी वाले घर में मची चीख-पुकार, बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर। मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बस्ती डीह गांव के पास NH-122B पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने दो परिवारों से लेकर पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया।

मृत युवकों की पहचान विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव निवासी अमन कुमार और हरपुर बोचहा पंचायत निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहिउद्दीननगर थाने की पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।

लेकिन इस हादसे ने सबसे बड़ा झटका उस घर को दिया जहाँ आज शादी की शहनाई बजनी थी। अमन के बड़े भाई की शादी की तैयारियाँ जोरों पर थीं—पूरा घर सज रहा था, रिश्तेदारों की आवाजाही हो रही थी, खुशियों का माहौल था। तभी अचानक खबर आई कि अमन और उसका दोस्त सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े हैं। देखते ही देखते खुशियों का घर मातम में बदल गया।

शादी वाले घर में कोहराम मच गया—जहाँ अभी कुछ मिनट पहले हंसी-खुशी थी, वहीं चीख-पुकार गूंजने लगी। बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर राहुल के गांव हरपुर बोचहा में भी मातमी सन्नाटा छा गया—दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय ग्रामीण महेश कुमार ने बताया कि बढ़ौना गांव निवासी सुरेश राय के बड़े बेटे की शादी थी। अमन, जो दूल्हे का छोटा भाई था, सुबह दूल्हे के एक दोस्त के साथ आवश्यक सामान खरीदने पल्सर बाइक से मदुदाबाद चौक जा रहा था। कुछ ही देर बाद हादसे की खबर गांव पहुंच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तुरंत मोहिउद्दीननगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट किया जाएगा कि दुर्घटना किसी वाहन की टक्कर से हुई या किसी अन्य कारण से। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले के खुलासे की बात कही है।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। शादी का घर, जो खुशियों से भरा था, अब मातम में बदल चुका है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *