समस्तीपुर। रोसड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे सात अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश, रोसड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय सिन्हा के नेतृत्व तथा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार की सूझ-बूझ और त्वरित कार्रवाई से सफल हो सकी।
घटना के संबंध में बताया गया है कि दिनांक 05 दिसंबर 2025 की रात्रि करीब 10:30 बजे, रोसड़ा थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि ग्राम चकमहुली में रोहित कुमार के घर पर कुछ अपराधी एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्पश्चात पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों के साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के क्रम में सात अपराधियों को अवैध हथियारों और लूटी हुई संपत्ति के साथ गिरफ्तार किया गया। तलाशी और निशानदेही के आधार पर दो लोडेड देशी पिस्टल (कट्टा), तीन जीवित कारतूस, नौ मोबाइल फोन, एक चाकू, रोसड़ा थाना कांड संख्या 371/25 में लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, रोसड़ा थाना कांड संख्या 393/25 में लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक लूटा गया कैमरा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
1. राकेश कुमार, पिता–रमेश प्रसाद, महुली, रोसड़ा
2. गंगा कुमार, पिता–रामबदन यादव, महुली, रोसड़ा
3. रौशन कुमार, पिता–अमल यादव, महुली, रोसड़ा
4. अजय कुमार राय उर्फ प्रेम कुमार, पिता–रंजीत राय, सातनपुर, उजियारपुर
5. प्रमोद कुमार, पिता–कमल किशोर राय उर्फ दुलारचंद राय, सिहमा, छौड़ाही, बेगूसराय
6. नितीश कुमार, पिता–अर्जुन दास, रामनगर चोंचड़, उजियारपुर
7. रोहित कुमार, पिता–हेमंत यादव, चकमहुली, रोसड़ा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध रोसड़ा, विभूतिपुर और दलसिंहसराय थानों में कई आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। इन सभी के विरुद्ध रोसड़ा थाना कांड संख्या 425/25, दिनांक 06.12.2025 को बीएनएस की धारा 310(4)/310(5)/317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(A)/26/35 के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, पु.अ.नि. सुभाष चन्द्र मंडल, परि.पु.अ.नि. चंदन कुमार, परि.पु.अ.नि. अनीश कुमार, स.अ.नि. जितेन्द्र कुमार सिंह, सिपाही निर्भय कुमार, चौकीदार सुनील पासवान, कृष्णा पासवान एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
रोसड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी और कहा कि अपराध व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए अभियान लगातार जारी रहेगा।
रोसड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों पर बड़ी चोट और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।