:
Breaking News

नाइजीरिया में प्रार्थना के दौरान तीन चर्चों पर हमला, 150 से अधिक लोग अगवा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया के कडुना राज्य में रविवार को हथियारबंद हमलावरों ने एक साथ तीन चर्चों को निशाना बनाते हुए 150 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया। यह वारदात कजुरु इलाके के कुरमिन वाली गांव में उस समय हुई, जब चर्चों में साप्ताहिक प्रार्थना सभाएं चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंदूकधारी अचानक पहुंचे और लोगों को जबरन अपने साथ ले गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि उस्मान डानलामी स्टिंगो ने बताया कि हमले के बाद कुल 177 लोग लापता बताए गए थे, जिनमें से 11 किसी तरह वापस लौट आए हैं, लेकिन अब भी 150 से अधिक लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जिन तीन धार्मिक स्थलों पर हमला हुआ, उनमें इवेंजेलिकल चर्च विनिंग ऑल (ECWA), चेरुबिम एंड सेराफिम संप्रदाय का चर्च और एक कैथोलिक चर्च शामिल हैं। कडुना पुलिस ने फिलहाल इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही किसी संगठन ने जिम्मेदारी ली है।
नाइजीरिया पिछले कई वर्षों से हिंसा और अस्थिरता का सामना कर रहा है। देश के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी इलाकों में सशस्त्र गिरोहों का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ये समूह गांवों पर धावा बोलकर लोगों की हत्या, लूटपाट और सामूहिक अपहरण की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। दूर-दराज के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण आम नागरिक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अपहरण अब इन गिरोहों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है। फिरौती वसूलने के लिए स्कूलों, बसों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जाता है। इससे पहले भी कडुना और आसपास के राज्यों में चर्चों व ईसाई बस्तियों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
नाइजीरिया की लगभग 22 करोड़ आबादी में मुस्लिम और ईसाई समुदाय की संख्या लगभग बराबर है, लेकिन धार्मिक और जातीय तनाव समय-समय पर हिंसा का रूप ले लेता है। बोको हराम जैसे चरमपंथी संगठन वर्षों से सक्रिय हैं, हालांकि हाल के ज्यादातर हमलों के पीछे स्थानीय आपराधिक गिरोह भी जिम्मेदार माने जाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटना को लेकर चिंता जताई जा रही है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि नाइजीरिया में नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। स्थानीय लोग सरकार से अपहृत लोगों की सुरक्षित वापसी और क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *