:
Breaking News

राउज एवेन्यू कोर्ट का सख्त रुख: राबड़ी देवी की ट्रांसफर याचिका खारिज, 9 जनवरी को अहम फैसला

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को बड़ा झटका लगा है। अदालत ने आईआरसीटीसी टेंडर घोटाला और लैंड फॉर जॉब (जमीन के बदले नौकरी) मामले में केस को दूसरे जज की बेंच में ट्रांसफर करने की उनकी मांग को नामंजूर कर दिया है। यह याचिका उस अदालत से हटाने के लिए दायर की गई थी, जहां वर्तमान में जज विशाल गोंगने मामले की सुनवाई कर रहे हैं।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश भट्ट की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुनाते हुए साफ कर दिया कि मामले की सुनवाई में किसी तरह का पक्षपात नहीं दिखता और कार्यवाही पूरी तरह कानून के दायरे में है। जांच एजेंसियों की ओर से ट्रांसफर याचिका का कड़ा विरोध किया गया था, जिसे अदालत ने स्वीकार किया।

9 जनवरी को आरोप तय करने पर फैसला

लैंड फॉर जॉब केस में अब 9 जनवरी 2026 को बड़ा दिन होगा। उसी दिन अदालत यह तय करेगी कि आरोप तय होंगे या नहीं। कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव, तेज प्रताप यादव सहित सभी आरोपियों को 9 जनवरी को पेश होने का निर्देश दिया है।

सीबीआई ने इस मामले में कुल 103 लोगों को आरोपी बनाया है, हालांकि इनमें से 5 आरोपियों की मौत हो चुकी है।

“भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर हुआ” – सीबीआई

सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में दावा किया है कि इस मामले में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। एजेंसी के मुताबिक, कुछ गिने-चुने मामलों को छोड़ दें तो जमीन की खरीद-बिक्री में अधिकतर लेन-देन नकद किया गया। जांच एजेंसी ने आरोपियों पर आईपीसी की धारा 120B, 420, 467, 468, 471 के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला

आईआरसीटीसी टेंडर और लैंड फॉर जॉब केस पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल से जुड़ा है। आरोप है कि रेल मंत्री रहते हुए उन्होंने पद का दुरुपयोग किया और नौकरी दिलाने के बदले अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर जमीन व फ्लैट की रजिस्ट्री कराई। इस पूरे मामले की जांच सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दोनों कर रही हैं।

अदालत के ताजा फैसले के बाद साफ है कि अब यह कानूनी लड़ाई और तेज होने वाली है, और 9 जनवरी को राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला इस बहुचर्चित घोटाले की दिशा तय करेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *